हरिद्वार,27 अपै्रल (आरएनएस)। कुंभ मेला-2027 को लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मेला भवन (सीसीआर) स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में कुंभ मेला यातायात नियंत्रण उपसमिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत ने संत समाज, व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, टैक्सी यूनियन और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे। ताकि सभी को ध्यान में रखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं और साधु-संतों की संभावित संख्या का आकलन कर यातायात योजना तैयार की जा रही है। प्राप्त सुझावों और सुधार बिंदुओं के आधार पर योजना में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। इस दौरान एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव ने अब तक तैयार किए गए यातायात प्रबंधन प्लान की क्रमवार जानकारी उपसमिति के समक्ष रखी। वहीं, एसपी सिटी अभय सिंह ने सदस्यों के सवालों के जवाब देते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट की। आईजी योगेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ट्रैफिक प्लान बनाते समय श्रद्धालुओं के साथ-साथ होटल व्यवसायियों, टैक्सी-टेंपो संचालकों, रिक्शा यूनियन, अखाड़ा परिषद और साधु समाज सहित सभी हितधारकों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि भीड़ के दबाव के अनुसार अलग-अलग ट्रैफिक प्लान तैयार कर लागू किए जाएंगे। कुंभ जैसे विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभागों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, व्यापारी नेता संजीव नैय्यर, विकास तिवारी, डॉ. विशाल गर्ग, प्रवीण कुमार, विवेक मिश्रा, राहुल शर्मा आदि मौजूद रहे।
व्यापारी नेताओं ने नाराजगी: दरअसल बैठक में शहर के प्रमुख व्यापारियों के गुट ने नाराजगी जाहिर की। आरोप था कि सबसे अधिक व्यापारी उनके व्यापार मंडल में है, उसके बावजूद उन्हें बैठक में पीछे बैठाया गया, जबकि तथाकथित व्यापारी मंडल के पदाधिकारी आगे आकर बैठक गए। व्यापारी नेताओं ने पुलिस और प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि उनके व्यापार मंडल के स्थान आरक्षित किया जाए।
हरकी पैड़ी क्षेत्र को असामाजिक तत्वों से मुक्त करने की मांग: हरकी पैड़ी और मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं को लेकर महानगर व्यापार मंडल ने प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। सीसीआर में आईजी उत्तराखंड की अध्यक्षता में आयोजित यातायात सुझाव बैठक के दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ज्ञापन सौंपा।
महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी और जिला महामंत्री संजय त्रिवाल ने संयुक्त रूप से आईजी उत्तराखंड और एसएसपी हरिद्वार नवनीत भुल्लर को पत्र प्रेषित किया। ज्ञापन में हरकी पौड़ी क्षेत्र को भिखारियों और असामाजिक तत्वों से मुक्त कराने, सत्यापन अभियान तेज करने और गंगा घाटों, मुख्य सड़कों व मेला क्षेत्र से सटी कॉलोनियों को नो-पार्किंग जोन घोषित करने की मांग की गई। इसके अलावा भीमगोड़ा सर्वानंद अंडरपास और ज्वालापुर अंडरपास की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, फ्लाईओवर कट खाली कराने, प्रमुख चौराहों और तिराहों पर यातायात सुचारु रखने तथा हाईवे पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के सुझाव भी दिए गए।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि कुंभ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए अभी से मजबूत व्यवस्थाएं जरूरी हैं, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। बैठक में तेज प्रकाश साहू, महेश गौड़, गिरीश भाटिया, सरदार इकबाल सिंह, कुलदीप शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, मुकेश अग्रवाल, प्रवीण शर्मा सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी, संत समाज, व्यापार मंडल, होटल-धर्मशाला एसोसिएशन, टैक्सी-मैक्सी और ऑटो यूनियन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

