हरिद्वार,27 अपै्रल (आरएनएस)। बहादराबाद-धनौरी मार्ग पर पथरी पुल के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुआ, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस के अनुसार, रात करीब डेढ़ बजे पथरी पुल से आगे पेट्रोल पंप के पास कार ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार मेवड़ कला निवासी 23 वर्षीय दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मेवड़ कला निवासी चालक वरुण (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को बाजार चौकी परिसर में खड़ा करा दिया गया है। बताया गया कि दीपक साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाने का काम करता था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

