देहरादून,28 अपै्रल (आरएनएस)। मसूरी में आगामी दिनों में पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है लेकिन शहर में घूम रहे आवारा पशु दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। शहर में सफाई व्यवस्था पटरी से उतरी है और सड़कों की हालत खराब है।पर्यटन सीजन की तैयारी को लेकर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी द्वारा दो बार संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक भी ली जा चुकी है लेकिन बैठक में लिए निर्णयो पर धरातल पर कहीं भी सुधार होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। शहर में सफाई व्यवस्था, सड़कों की दुर्दशा, जाम की समस्या, सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में लगे दुपहिया, चौपहिया वाहन, निर्धारित समय के बाद माल रोड पर घूम रहे टैक्सी वाहनों के साथ ही लोडर व माल वाहक वाहनों पर कोई भी प्रतिबंध नहीं लग पाया। समस्याओं के कारण पर्यटक खासी परेशान नजर आ रहे हैं। निवासी कुलदीप ने कहा कि माल रोड पर सुबह से लेकर शाम तक आवारा पशु आपस में लड़ते हुए नजर आ रहे हैं जो किसी भी समय लोगों पर हमला कर सकते हैं। इससे पर्यटक माल रोड पर जाने से डर रहे हैं।गाजियाबाद से मसूरी घूमने आई इस स्मृति श्वेता सिंह ने कहा कि माल रोड पर काफी संख्या में आवारा पशु घूम रहे हैं जिससे माल रोड पर घूमने में डर लग रहा है। दोपहिया वाहनों की स्पीड इतनी ज्यादा है कि कभी भी कोई भी वाहन की चपेट में आ सकता है।उन्होंने कहा कि माल रोड पर बड़ी संख्या में स्ट्रीट डॉग झुंड बनाकर घूम रहे हैं। पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले सभी अव्यवस्थाओं को दुरस्त कर दिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

