देहरादून,29 जून(आरएनएस)। दून शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक निजी कॉलेज में छात्र- छात्राओं के माथे से तिलक और हाथों से कलावा उतरवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह मामला शनिवार का बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और हंगामा किया। काफी देर तक चले विरोध-प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन की ओर से प्राचार्य को हटाने का आश्वासन दिया गया। उसके बाद मामला शांत हुआ। कॉलेज के छात्रों का आरोप है कि माथे पर तिलक लगाकर और हाथ में कलावा बांधकर आने पर उन्हें रोक दिया गया। ड्रेस कोड का हवाला देते हुए उन्हें हटाने के लिए कहा गया।
यह तक कहा गया कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो कॉलेज आने की जरूरत नहीं है। तिलक और कलावा पहनकर पहुंचे कई छात्रों की अनुपस्थिति दर्ज करने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के जिला संयोजक अमन स्वेडिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिलक और कलावा सनातन धर्म की आस्था और परंपरा का पवित्र प्रतीक हैं। इन पर किसी भी प्रकार की रोक स्वीकार नहीं की जाएगी।
विरोध के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं के माथे पर तिलक लगाया और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात की। संगठन का कहना है कि अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और प्राचार्य को हटाने का आश्वासन दिया है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। बीते दिनों दून के एक अशासकीय विद्यालय में भी तिलक लगाने को लेकर इसी तरह का विवाद सामने आया था। प्रदर्शन में सिद्धार्थ बडोनी, भूपेंद्र चौधरी, सुमित, दिवाकर, रोहित चौहान, सूरज चौधरी, विक्की सेठी और गगन के अलावा अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

