रुद्रपुर,28 अपै्रल (आरएनएस)। नानकसागर डैम में मंगलवार को पैर फिसलने से रोडवेज बस चालक की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मंगलवार सुबह भुडिय़ा लाइन बग्घा-54 निवासी 54 वर्षीय मनोहर सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह रोडवेज बस को टनकपुर में खड़ी कर काशीपुर अपने बच्चों से मिलने जा रहे थे। रास्ते में वह नानकसागर डैम पर बस से उतरकर हाथ-पैर धोने के लिए किनारे चले गए। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह डैम में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर नानकसागर चौकी इंचार्ज राजेंद्र पंत मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर निशिकांत ने बताया कि फेफड़ों में पानी भरने से मौत हुई है। मनोहर सिंह 15 वर्षों से रोडवेज में संविदा चालक के रूप में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी दीपा, चार विवाहित बेटियां और नौ वर्षीय पुत्र योगी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

