रायपुर, 29 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष दोनों ही कक्षाओं में सफलता प्रतिशत में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, साथ ही बालिकाओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है।
हाईस्कूल परीक्षा में कुल 3,14,953 परीक्षार्थियों के परिणाम घोषित किए गए, जिनमें से 2,43,016 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार कुल सफलता प्रतिशत 77.15 रहा। इसमें बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.03 जबकि बालकों का 72.27 दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में 1,40,108, द्वितीय श्रेणी में 96,721 और तृतीय श्रेणी में 6,187 विद्यार्थी सफल हुए। एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण 19,347 छात्र-छात्राएं हैं, जबकि 161 परीक्षार्थियों के परिणाम विभिन्न कारणों से रोके गए हैं।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार हाईस्कूल का परिणाम 0.62 प्रतिशत बेहतर रहा है।
वहीं हायर सेकेंडरी परीक्षा में 2,43,898 परीक्षार्थियों के परिणाम जारी किए गए, जिनमें से 2,02,549 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। इस वर्ष सफलता प्रतिशत 83.04 रहा। बालिकाओं का प्रदर्शन यहां भी बेहतर रहा, जहां उनका प्रतिशत 86.04 जबकि बालकों का 78.86 रहा। प्रथम श्रेणी में 1,27,334, द्वितीय श्रेणी में 72,402 और तृतीय श्रेणी में 2,806 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या 23,866 है, जबकि 63 परिणाम रोके गए हैं।
हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में भी पिछले वर्ष की तुलना में 1.17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
इस वर्ष हाईस्कूल के लिए 2,510 और हायर सेकेंडरी के लिए 2,395 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, साथ ही 34 समन्वय केंद्र स्थापित किए गए थे।
परीक्षा परिणाम मंडल की आधिकारिक वेबसाइटों सहित डिजीलॉकर और अन्य प्रमुख शैक्षणिक पोर्टलों पर भी उपलब्ध हैं।
मंडल की अध्यक्ष ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा मूल्यांकनकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए असफल विद्यार्थियों को निराश न होकर आगामी अवसर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

