जांजगीर-चांपा, 29 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी नवविवाहिता पत्नी की हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने मामले का चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महेन्द्र कुमार मिरी (निवासी वार्ड 09, बलौदा) ने अपनी पत्नी ललिता मिरी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को बाथरूम में ले जाकर इमर्शन रॉड के जरिए करंट लगने जैसा दृश्य बनाया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी की मौत करंट लगने से हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। जांच और पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
घटना 28-29 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात की बताई जा रही है, जब विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी और उसे हादसा दिखाने की साजिश रची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ में सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।
विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

