रुद्रपुर,29 अपै्रल (आरएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ऊधमसिंह नगर जिले के लिए गुरुवार को बिजली गिरने, तेज आंधी और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है। बुधवार को रुद्रपुर में मौसम ने अचानक करवट बदली। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं। इसके बाद हुई हल्की बारिश के चलते दिन का अधिकतम तापमान 29.3 और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों के मुकाबले करीब 11 डिग्री कम रहा। इससे लोगों को कुछ घंटों के लिए तेज गर्मी से राहत मिली। हालांकि, शाम होते-होते मौसम फिर साफ हो गया। किसानों के लिए जारी सलाह में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल को खुले में न छोड़ें और सुरक्षित स्थान या शेड के नीचे रखें। साथ ही, भंडारण के दौरान उचित वेंटिलेशन का भी ध्यान रखें। मौसम को देखते हुए शिक्षा विभाग ने जारी बदले हुए समय को निरस्त कर दिया गया है। अब सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, प्री-नर्सरी, सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों का समय पूर्व की भांति ही रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

