Bihar 30 April, (Rns) /- बिहार के खगड़िया जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महेशखुट थाना क्षेत्र के गौछारी स्थित NH-31 पर गिट्टी से लदा एक अनियंत्रित ट्रक ऑटो के ऊपर पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार CISF जवान समेत तीन लोगों की दबकर मौत हो गई।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर महेशखूंट थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से ऑटो में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।
इस हादसे में मृतकों की पहचान गोगरी थाना क्षेत्र के मालिया गांव निवासी बिपिन चौरसिया, उनकी पत्नी दीपमाला चौरसिया और ऑटो चालक टांकेश मुनि के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि CISF जवान छुट्टी पर अपनी पत्नी के साथ घर आए हुए थे। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे वे ड्यूटी पर लौटने के लिए स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में घायल अन्य लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है

