कोलकाता 30 अप्रैल (आरएनएस)। बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के सम्पन्न होते ही कई एग्जिट पोल में बंगाल में भी रुझान में भाजपा की सरकार बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। मतगणना चार मई को होगी। जीत के रुझान से लबालब भाजपाइ तमाम जगहों से अभी से ही भगवा अबीर उड़ा रहें है और जश्न भी शुरु हो गया है। लेकिन इसी बीच भारतीय जनता पार्टी नेता और खडग़पुर सदर सीट से पार्टी के उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा कि एसआईआर को मुद्दा बनाकर कोई भी चुनाव नहीं जीत सकता। बंगाल भाजपा में कभी जान फूंकने वाले दिलीप घोष के इस बयान से तमाम शंकाओं ने जन्म लेना शुरु कर दिया है। आज सुबह पत्रकारों से बातचीत में दिलीप घोष ने कहा, “यह बिल्कुल क्रिकेट के पहले और दूसरे इनिंग्स की तरह है। जीतने वाली टीम दोनों इनिंग्स में अच्छा प्रदर्शन करती है। पहले चरण में जो हुआ, दूसरे चरण में भी उसी की निरंतरता देखने को मिली। कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में मतदान प्रतिशत ऐतिहासिक रहा।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि ज्ञानेश कुमार ने दो चरणों में चुनाव कराने की बड़ी चुनौती उठाई थी। जनता के सहयोग, प्रशासन, पुलिस और चुनाव आयोग के सामूहिक प्रयास से मतदान बहुत अच्छे तरीके से संपन्न हुआ। ममता बनर्जी ने कई रैलियां कीं, लेकिन उनका एक ही मुद्दा था लेकिन एसआईआर को मुद्दा बनाकर कोई भी चुनाव नहीं जीत सकता।”मंत्रिमंडल के गठन को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए घोष ने मंत्री पदों को लेकर हो रही चर्चाओं को खारिज कर दिया और कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार बनाना है, न कि कोई मंत्रालय हासिल करना। उन्होंने आगे कहा कि मंत्रालयों से संबंधित निर्णय बाद में लिए जा सकते हैं और इस बात पर जोर दिया कि उनका मुख्य लक्ष्य राज्य में निर्णायक राजनीतिक परिवर्तन लाना है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

