जगदीश यादव
कोलकाता 30 अप्रैल (आरएनएस)। बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के बाद तमाम एग्जिट पोल में भाजपा सरकार की बात कही जा रही है। लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने आज विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल अनुमानों को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने मीडिया को पैसे देकर प्रचार-प्रसार में हेरफेर किया है। तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने एक वीडियो संदेश प्रसारित कर उन्होंने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की निर्णायक जीत पर दृढ़ विश्वास व्यक्त किया और दावा किया कि पार्टी 294 सदस्यीय विधानसभा में 226 से अधिक सीटें जीतेगी। तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने दावा किया कि, बंगाल में मां, माटी, मानुष की सरकार बनेगी।
तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने उनकी ये टिप्पणी कई एग्जिट पोल के बाद आई है जिनमें अनुमान लगाया गया था कि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है और संभवत: 148 सीटों का बहुमत हासिल करके सरकार बना सकती है। इन अनुमानों को खारिज करते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि ये आंकड़े भाजपा कार्यालय से प्रसारित किए गए थे और वित्तीय प्रलोभनों के बाद इन्हें फैलाया गया था। उन्होंने दावा किया कि ऐसे अनुमानों का उद्देश्य जनता की राय को प्रभावित करना और वित्तीय बाजारों को आश्वस्त करना था। मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बनर्जी ने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान उनके पार्टी कार्यकर्ताओं को धमकियों और हिंसा का सामना करना पड़ा, और केंद्रीय एजेंसियों और सुरक्षा बलों पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कई क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं द्वारा झेली गई हिंसा और कठिनाइयों की घटनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि मतदाताओं ने अपने मतों के माध्यम से इसका जवाब दिया है। बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को 4 मई को होने वाली मतगणना प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने की चेतावनी दी और कहा कि मतगणना प्रक्रिया में धांधली की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने उम्मीदवारों और प्रतिनिधियों से मतगणना केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने और थोड़े समय के लिए भी अपनी जगह खाली न छोडऩे का आग्रह किया और अंतिम परिणाम घोषित होने तक कड़ी निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया। शांति और संयम का आह्वान करते हुए, उन्होंने समर्थकों को कथित उकसावों के बावजूद जवाबी कार्रवाई न करने की सलाह दी और कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी का उचित तरीके से निपटारा किया जाएगा। राज्य के लोगों को धन्यवाद देते हुए सीएम ममता ने कहा कि इतनी गर्मी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लोगों ने लंबी कतारों में खड़े होकर मतदान किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की भी सराहना की। ममता ने कहा कि जो लोग बंगाल को दबाने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें जनता ने अपने वोट के माध्यम से जवाब दे दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

