रुद्रपुर,30 अपै्रल (आरएनएस)। सिडकुल क्षेत्र के सभी उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों को अप्रैल माह से शासन द्वारा निर्धारित बढ़ा हुआ वेतन दिया जाएगा। यह जानकारी सिडकुल इंटरप्रेन्योर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को रामपुर रोड स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता के जरिये दी। एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा ने बताया कि श्रमिकों की लंबे समय से लंबित वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता हुई थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने शासन से पत्राचार किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रमिक हित में शीघ्र निर्णय लेते हुए प्रस्ताव को मंजूरी के लिए राज्यपाल को भेजा, जहां से स्वीकृति मिलने के बाद शासनादेश लागू कर दिया गया। संरक्षक अजय तिवारी ने कहा कि सिडकुल पंतनगर में शांति बनाए रखना सभी की प्राथमिकता है, लेकिन कुछ बाहरी तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, जिनसे पुलिस सख्ती से निपट रही है। उन्होंने कहा कि अप्रैल से सभी उद्योगों में वेतन वृद्धि लागू कर दी जाएगी, हालांकि इससे उद्योगों पर आर्थिक दबाव भी बढ़ेगा। महासचिव गौरव हरीश ने कहा कि खाड़ी युद्ध, घटते निर्यात ऑर्डर, पेट्रोलियम और बिजली दरों में वृद्धि के कारण उद्योग पहले से ही कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को उद्योगों को दी जा रही सुविधाओं और रियायतों में बढ़ोतरी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि श्रमिकों को भड़काने के लिए कोई अफवाह फैलाई जाती है तो उसे रोकने में मीडिया का सहयोग भी जरूरी है। साथ ही श्रमिकों से कार्य के दौरान सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि अधिकांश औद्योगिक दुर्घटनाएं मानवीय भूल के कारण होती हैं। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष, सचिव गजेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी तेजराम बघेल, विशाल गर्ग, विजय नकवी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

