बलरामपुर,01 मई (आरएनएस)। विकासखंड बलरामपुर के ग्राम सेंदुर की रहने वाली कलेश्वरी (पतिरामधनी, उम्र लगभग 50 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पेट दर्द और बुखार की शिकायत के बाद परिजनों ने उन्हें 27 अप्रैल को जिला अस्पताल बलरामपुर में भर्ती कराया था, जहां उनका इलाज चल रहा था।बीती रात लगभग 12:30 बजे उनके पति रामधनी और बेटी मंजू सिंह की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि कलेश्वरी बिस्तर पर नहीं थीं। परिजनों ने अस्पताल के बाथरूम और अन्य कमरों में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद जब नीचे खोजबीन की गई तो वे अस्पताल की छत से नीचे गिरी हुई गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं।परिजनों द्वारा तत्काल उन्हें इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच कराई जा रही है। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

