० जनसेवा को और प्रभावी बनाने पर जोर, पाँच मरीजों को पोषण किट वितरित
धमतरी, 03 मई (आरएनएस)। जिले में मानवीय सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से जिला रेडक्रॉस समिति के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष रमेन डेका से सौजन्य भेंट की।
यह भेंट अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस एवं कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन तथा राज्य प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप कुमार साहू एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू. एल. कौशिक के संयोजन में सम्पन्न हुई। राज्यपाल ने 5 मरीजों को पोषण कीट वितरित की ।,
इस दौरान जिले में संचालित रेडक्रॉस की विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों—विशेषकर स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा राहत, रक्तदान, एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम—को और सुदृढ़ एवं विस्तारित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। राज्यपाल ने रेडक्रॉस की भूमिका को समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोडऩे पर बल दिया।
प्रतिनिधिमंडल में चेयरमैन प्राप्ति वाशानी, वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान, जिला संगठक आकाश गिरी गोस्वामी सहित प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य हेमराज सोनी, डॉ. गणेश प्रसाद साहू, डॉ. गुरुशरण साहू, सी.एल. साहू एवं होमेश्वर चंद्राकर उपस्थित रहे।
आगामी समय में सघन सदस्यता अभियान चलाने, वृक्षारोपण कार्यक्रमों को जनआंदोलन का रूप देने, टीबी मरीजों के पोषण एवं देखभाल हेतु विशेष पहल, महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, तथा युवाओं के लिए प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।
इसके अतिरिक्त रेडक्रॉस की आर्थिक सुदृढ़ता के लिए जिले के उद्यमियों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति भी तैयार की गई।
राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि धमतरी जिला रेडक्रॉस समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों से समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान होगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

