बलौदाबाजार, 03 मई (आरएनएस)। जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर सही दवा, शुद्ध आहार—यही छत्तीसगढ़ का आधार अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की लगातार जांच की जा रही है।
इसी क्रम में शनिवार को भाटापारा और सिमगा क्षेत्र के विभिन्न होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों का संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान श्याम स्वीट्स हाउस भाटापारा, मिलन होटल लिमतरा, कृष्णा डेयरी सिमगा, संगम डेयरी सिमगा और जय मां दुर्गा स्वीट्स सिमगा का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मिलन होटल लिमतरा में खराब गुणवत्ता का आलू मसाला पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संचालकों को कई आवश्यक निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, अखबारी कागज में खाद्य सामग्री परोसने से बचने, लाइसेंस को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा फूड हैंडलर्स का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा कर्मचारियों को हैंड ग्लव्स और हेड कवर का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

