भोपाल 1 मई (आरएनएस)। कोलार इलाके में रहने वाले रैपिडो चालक ने कर्ज से तंग आकर आत्महत्या कर ली। युवक ने प्राइवेट फाइनेंस कंपनी सहित कई अन्य लोगों से कर्ज ले रखा था। कर्ज नहीं चुकाने की हालत में लेनदार लगातार उसे परेशान कर रहे थे। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना बुधवार रात 10 बजे की बताई जा रही है।
45 वर्षीय उत्तम सिंह चौहान पिता सूर्य देव सिंह चौहान 610 क्वार्टर कोलार इलाके में रहते थे। वह मूल रूप से नरसिंहगढ़ के रहने वाले थे, बीते 10 महीने से कोलार इलाके में किराए से रह रहे थे और रैपिडो चालक के तौर पर काम कर रहे थे। उनकी पत्नी निर्मला चौहान ने बताया कि पति ने बजाज फाइनेंस से 15 लाख रुपए का लोन लेकर नरसिंहगढ़ में मकान बनाया था।
इसके बाद से परिवार की आर्थिक स्थिति गड़बड़ा गई। बमुश्किल पति किस्त चुका पाते थे। बीते कई महीनों से उनकी लोन की किस्त बाउंस हो रही थी। इससे वे तनाव में रहते थे, वहीं फाइनेंस कंपनी की ओर से लगातार किस्त चुकाने का दबाव बनाया जा रहा था। लिहाजा पति ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के डिटेल बयानों के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
मृतक के दो बेटे हैं दोनों ही प्राइवेट काम करते हैं। सुसाइड से पहले तक दोनों ही काम से घर नहीं लौटे थे। जबकि उनकी पत्नी चेकअप कराने के लिए एक डॉक्टर के पास गई थी। घर लौटी पत्नी ने कई बार आवाज दी जब गेट नहीं खुला तो बेटों को कॉल किया और पड़ोसियों की मदद से गेट को तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। जहां पति का शव फंदे पर लटका दिखाई दिया।

