बस्तर, 02 मई (आरएनएस)। थाना नगरनार, जिला बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.952 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा की कीमत लगभग 5,47,600 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल और 2170 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। कुल जब्ती की रकम 5,56,270 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिल मोहम्मद शेख (60 वर्ष) और संतोष शंकरराव बावणकर (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के निवासी हैं। दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर महाराष्ट्र के चंद्रपुर ले जाने की फिराक में थे। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी संतोष सिंह के नेतृत्व में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका, एनएच-63 पर घेराबंदी कर संदिग्धों की जांच की। इस दौरान विमल पान मसाला के थैले में छिपाकर ले जाए जा रहे गांजा को जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

