0 दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू
दुर्ग/पोटिया कला, 02 मई (आरएनएस)। बीती देर शाम दुर्ग जिले के पोटिया कला क्षेत्र में स्थित एक शासकीय स्कूल के प्रिंसिपल कक्ष में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि प्रिंसिपल के कमरे से धुआं और आग की लपटें तेजी से बाहर निकल रही थीं।
अग्निशमन कर्मियों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए आग से घिरे कमरे के भीतर प्रवेश किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया। इस दौरान कमरे में रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों को भी सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे संभावित बड़ी क्षति टल गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। टीम में अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल के साथ कर्मचारी हीरामन, राजेश, कमलेश और तामेश्वर शामिल रहे।
गौरतलब है कि अग्निशमन दल की समय पर पहुंच और समन्वित प्रयासों के चलते एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

