रायपुर,02 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में बीमा के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला उजागर हुआ है। खमतराई थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने इंश्योरेंस कंपनी के पूर्व सेल्स मैनेजर को गिरफ्तार किया है, जिस पर करीब 63 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।पुलिस के अनुसार, आरोपी मयूर बारसेड़ा वर्ष 2008 से 2022 तक एक निजी बीमा कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत रहा है। इस दौरान उसने अपने पद और विश्वास का फायदा उठाते हुए लोगों से निवेश के नाम पर रकम जुटाई।शिकायतकर्ता अमन अग्रवाल ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में चेक के माध्यम से पैसे जमा करवाए और भरोसा दिलाया कि रकम बीमा पॉलिसियों में निवेश की जाएगी। लेकिन जांच में सामने आया कि आरोपी ने इन पैसों का दुरुपयोग करते हुए करीब 63 लाख रुपये की ठगी कर ली।आरोपी लोगों से प्राप्त राशि को अन्य व्यक्तियों के नाम पर जमा करता था और उन्हें फर्जी बॉन्ड पेपर उपलब्ध कराता था। इसके अलावा, रिश्तेदारों के नाम पर शेयर मार्केट से जुड़ी बीमा योजनाओं में रकम लगाकर भी अनियमितताएं की गईं।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

