कोलकाता सह दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रेड अलर्ट
जगदीश यादव
कोलकाता,02 मई (आरएनएस)। महानगर कोलकाता सहित बंगाल के कई जिलों और आसपास के इलाकों में तेज आंधी और बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण सड़कों पर पेड़ गिर गए और कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की बात कही गई है। शाम से पहले ही महानगर कोलकाता में तेज आंधी और बारिश से रास्ता घाट में सूनसान हो गए। उक्त खबर के लिखे जाने तक दक्षिण बंगाल सह कोलकाता सहित पूरे क्षेत्र में झमाझम बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आगामी मंगलवार तक पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है। सोमवार को भी दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं उत्तर बंगाल के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बारिश और तेज हवाओं के बावजूद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शनिवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। इससे मौसम सुहावना बना हुआ है। अगले 24 घंटे में दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में कालबैसाखी की संभावना जताई गई है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पश्चिम मेदिनीपुर, झाडग़्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। सोमवार को कोलकाता सहित पूरे दक्षिण बंगाल में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
मंगलवार को भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। काल बैसाखी के प्रभाव से कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इन जिलों में तेज रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शेष दक्षिणी जिलों में भी मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। आज यानी सोमवार को भी कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

