पश्चिम मेदिनीपुर,02 मई (आरएनएस)। जिले के खडग़पुर में आज सुबह आसमान में बादलों की हल्की मौजूदगी के बावजूद दिन चढऩे के साथ ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में कालबैशाखी का असर देखा जा रहा है। दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में काले घने बादल छा गए। ऐसा प्रतीत हुआ मानो काले बादलों की चादर पूरे शहर पर छा गई हो। इसके तुरंत बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, बीच-बीच में तेज गरज और बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिलीं। मौसम के इस बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं किसानों के लिए यह बारिश चिंता का कारण बन गई है। इस समय खेतों में धान की फसल पक चुकी है और कटाई का काम भी शुरू हो गया था। अचानक आई कालबैशाखी और तेज बारिश के चलते पके धान, सब्जियों और फूलों की फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर सामने आई है। स्थानीय किसानों का कहना है कि इस तरह के मौसम से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। फिलहाल राहत और नुकसान की दोनों ही तस्वीर एक साथ सामने आ रही हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

