नईदिल्ली, 03 मई। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम से 6 विकेट से हरा दिया। बारिश के कारण ये मुकाबला 15-15 ओवर का हो गया था। इसी के साथ ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई। पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट से जीत मिली थी। दूसरा मैच बारिश के कारण रद्द रहा था। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
मैच में कीवी टीम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बांग्लादेश के लिए कप्तान लिटन दास (26) और तौहीद हृदोय (33) ने अच्छी पारियां खेलीं। इनके अलावा और कोई बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाया। न्यूजीलैंड के लिए जॉश क्लार्कसन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जवाब में कीवी टीम को शुरुआती झटके लगे, लेकिन बेवोन जैकब्स (62*) की शानदार पारी के कारण 11.4 ओवर में 4 विकेट खोकर न्यूजीलैंड ने लक्ष्य हासिल कर लिया।
क्लार्कसन ने 2 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी 4.50 की रही। उनके अलावा ईश सोढ़ी ने 3 ओवर में 22 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। जेडन लेनॉक्स ने 3 ओवर में 28 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। बेन सियर्स ने 2.2 ओवर में 12 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं, नाथ स्मिथ ने 2 ओवर में 14 रन देकर 7 की इकॉनमी रेट से 2 विकेट अपने नाम किए।
सोढ़ी अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 142 मैचों की 135 पारियों में 23.01 की औसत से 165 विकेट चटकाए हैं। इस खिलाड़ी ने 4 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/12 का रहा है। सोढ़ी ने टिम साउथी को पीछे छोड़ा। साउथी ने 126 मैच की 123 पारियों में 164 विकेट अपने नाम किए थे।
जैकब्स ने मैच में 31 गेंदों का सामना किया और 62* रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 200 की रही। इस खिलाड़ी ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने अब तक 11 मुकाबले खेले हैं और इसकी 9 पारियों में 26.14 की औसत और 142.96 की स्ट्राइक रेट से 183 रन बनाने में सफल रहे हैं। यह खिलाड़ी 2 पारियों में नाबाद भी रहा है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

