कोलकाता 25 जून (आरएनएस)। बंगाल में नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। साथ ही राज्य के नए चुनाव आयुक्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. कृष्ण गुप्ता बने है। राज्य के पूर्व चुनाव आयुक्त राजीव सिन्हा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह पद करीब एक वर्ष से खाली था। इस दौरान आयोग के प्रशासनिक कार्य सचिव स्तर से संचालित किए जा रहे थे। अब डॉ. कृष्ण गुप्ता की नियुक्ति के साथ आयोग को पूर्णकालिक नेतृत्व मिल गया है। नगर निकाय चुनाव से पहले सरकार वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करना चाहती है। मुख्यमंत्री का मानना है कि कई वार्डों में मतदाताओं की संख्या में बड़ा अंतर है, जिससे प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित होता है। इस प्रक्रिया की निगरानी और क्रियान्वयन में राज्य चुनाव आयोग की अहम भूमिका होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि कृष्ण गुप्ता की नियुक्ति केवल एक प्रशासनिक बदलाव नहीं है, बल्कि आगामी चुनावी कार्यक्रमों को गति देने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले महीनों में राज्य की चुनावी गतिविधियों में तेजी देखने को मिल सकती है। कई दिनों पहले राज्य के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि 7 दिसंबर तक कोलकाता नगर निगम में नई निर्वाचित बोर्ड का गठन किया जाएगा। हावड़ा समेत अन्य शहरी निकायों में भी चुनावी प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। सरकार का कहना है कि स्थानीय निकायों को लंबे समय तक प्रशासकों के भरोसे नहीं चलाया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

