गोरखपुर 25 जून (आरएनएस)। गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एचपी गैस से भरा एक कैप्सूल टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गैस रिसाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए।जानकारी के अनुसार गिडा से बिहार की ओर जा रहा एचपी गैस का कैप्सूल टैंकर दोपहर करीब 1:30 बजे आराजी बसडिला गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि चालक को वाहन चलाते समय झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में चालक घायल हो गया।सूचना मिलते ही खोराबार थाना पुलिस, एनएचएआई और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गैस से भरे टैंकर के पलटने के कारण किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र को निगरानी में रखा गया। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया तथा आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।घायल चालक को एनएचएआई की एंबुलेंस से तत्काल एम्स गोरखपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस और तकनीकी टीम टैंकर की स्थिति का लगातार निरीक्षण कर रही है ताकि किसी प्रकार का गैस रिसाव या अन्य खतरा उत्पन्न न हो।हादसे के चलते बिहार जाने वाली लेन पर यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने वाहनों को कडज़हा मार्ग से डायवर्ट कर दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। समय रहते राहत एजेंसियों के सक्रिय होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

