चित्रकूट 25 जून (आरएनएस)। मानिकपुर विकासखंड स्थित आहिरा ग्राम में गुरुवार को उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता ने ढांचा की खेती का निरीक्षण किया। यह ढैंचा श्याम नारायण के खेत में कृषि विभाग द्वारा अनुदान पर वितरित बीज से उगाया गया है। जिसका उद्देश्य हरी खाद को बढ़ावा देना है। उन्होंने खेत का दौरा कर फसल की वृद्धि, गुणवत्ता और खेत की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही किसानों को फसल प्रबंधन, सिंचाई और हरी खाद के उपयोग की आवश्यक सुझाव दिये।
उप कृषि निदेशक ने किसानों को हरी खाद के रूप में ढैंचा की फसल लेने के फायदे बताते हुय कहा कि ढैंचा के उपयोग से मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की मात्रा बढ़ती है और उसकी भौतिक दशा में सुधार होता है। इससे मिट्टी की जलधारा, क्षमता में वृद्धि होती है और उसके उर्वरा शक्ति बढ़ती है। उन्होंने बताया कि हरी खाद के प्रयोग से रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करना पड़ता है, जिससे खेती की लागत में कमी आती है और किसानों को अधिक उत्पादन प्राप्त होता है। यह किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां पर मौजूद सभी किसानों से अपील की है कि आने वाले दिनों में अपने खेत में हरी खाद के रूप में ढैंचा की फसल का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने जोर दिया कि इससे अनावश्यक रूप से उर्वरकों पर होने वाले खर्च में बचत होगी और मिट्टी व पर्यावरण का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। इस मौके पर वरिष्ठ प्राकृतिक सहायक राजश सैनी, रंजीत सरोज,कृषक श्याम नारायण आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

