लखनऊ 03 May, (Rns) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गईं सड़कों को ठीक करने और गड्ढों को भरने के निर्देश दिए हैं।
सभी डीएम से कहा है कि जल जीवन मिशन के तहत खोदाई का काम करते समय सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। काम पूरा होते ही गड्ढों को तत्काल भरा जाए। अधिकारी खुद मौके पर जाकर इसके अनुपालन की स्थिति देखें।
काम समय से पूरा नहीं करने, अधूरा छोड़ने या इसमें लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं व ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया जाए और उनको ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए प्रदेश भर में गांव-गांव पाइप लाइन बिछाई गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में सड़क को खोदकर छोड़ देने की शिकायतें हैं।
30 जनवरी को इन्हीं शिकायतों को लेकर भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने महोबा में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोक लिया था। यह मामला सुर्खियों में रहा था।
भाजपा के ही विधायकों-मंत्रियों ने ऐसे कई मामलों की शिकायतें की हैं, जिसके बाद सड़कों की मरम्मत का काम तेज किया गया है। अब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार इस काम को जल्द से जल्द पूरा कराने की कोशिश में जुटी है

