कोंडागांव, 03 मई (आरएनएस)। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोंडागांव के डोंगरीगुड़ा राउतपारा में सगई राम यादव के यहां आयोजित विवाह समारोह के तीसरे दिन सामूहिक भोज में शामिल कुछ लोगों के बीमार होने की सूचना 2 मई को प्राप्त हुई। प्रभावित लोगों में उल्टी एवं दस्त के लक्षण पाए गए।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की कॉम्बैक्ट टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी ने बताया कि उसी दिन स्कूल में अस्थायी स्वास्थ्य शिविर लगाकर तथा घर-घर सर्वे कर कुल 46 लोगों का उपचार किया गया। इनमें से 20 लोगों को उल्टी एवं दस्त की शिकायत थी, जबकि 26 लोग अन्य सामान्य तकलीफों से ग्रसित पाए गए।
गंभीर स्थिति वाले 2 मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जो अब स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। आज तीन नए मरीजों में दस्त के लक्षण पाए गए तथा एक बच्चे को उल्टी के लिए उपचार दिया गया। पूर्व के सभी मरीज अब स्वस्थ हैं। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य शिविर जारी रखा गया है। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर आज एस डी एम अजय उरांव के द्वारा ग्राम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। उल्टी दस्ती भोजन में संक्रमण की आशंका की फूड सेफ्टी ऑफिसर द्वारा भी जांच की गई।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

