जांजगीर-चांपा, 03 मई (आरएनएस)। जिले की शिवरीनारायण पुलिस को अंतर्राज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 भैंस और 3 पिकअप वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 मई 2026 की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि तीन पिकअप वाहनों में भैंसों को क्रूरता पूर्वक भरकर उड़ीसा के बूचडख़ाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर राघव इन होटल के सामने मुख्य मार्ग पर संदिग्ध वाहनों को रोका।
जांच के दौरान पिकअप वाहनों (सीजी04क्यूयु9122, ओडी26एफ4334, ओडी17टी8523) में कुल 15 भैंसों को ठूंस-ठूंसकर रस्सियों से बांधकर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जब्त किए गए मवेशियों की अनुमानित कीमत 2 लाख 25 हजार रुपये तथा वाहनों की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत कार्रवाई की है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ स्थानीय सहयोगियों का भी सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

