कबीरधाम, 03 मई (आरएनएस)। जिले में बारात कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मामले में कबीरधाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं 3 विधि के विरुद्ध संघर्षरत किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पण्डरिया क्षेत्र के ग्राम सरईसेत में 15 अप्रैल 2026 को बारात कार्यक्रम के दौरान आपसी विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि कुछ लोगों ने मिलकर मुकेश साहू (18 वर्ष), निवासी ग्राम चंदली (जिला मुंगेली) के साथ मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल मुकेश की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, अमित पटेल एवं एसडीओपी पण्डरिया भूपत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान की और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियो में
लवेश कुमार धुर्वे (30), ओमप्रकाश उर्फ मोनू धुर्वे (19), नारायण सिंह धुर्वे (46), राहुल कुमार धुर्वे (22), अजय धुर्वे (23) और हरेन्द्र कुमार धुर्वे (20) — सभी निवासी ग्राम सरईसेत, थाना पण्डरिया, जिला कबीरधाम।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सामाजिक या पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान शांति बनाए रखें और विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

