दृश्यम 3 का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है. मेकर्स ने मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की दृश्यम फ्ऱैंचाइजी के तीसरे भाग का टीजर जारी किया है, जो काफी दमदार है. आइए एक नजर डालते हैं टीजर पर…
बुधवार को मेकर्स ने सोशल मीडिया पर मलयाली फिल्म दृश्यम 3 का टीजर नए पोस्टर के साथ सोशल मीडिया पर अपलोड किया और कैप्शन में लिखा, दृश्यम 3 ऑफिशियल टीजर जारी. दुनिया भर में रिलीज, 21 मई 2026.
1 मिनट 50 सेकंड का यह टीजर मोहनलाल की आवाज के साथ शुरू होता है, जिसमें वह अपने परिवार के साथ एक सादा जीवन बिताने के बारे में बात करते हैं; तभी एक बिन बुलाया मेहमान परिवार में घुस आता है, जिसके पास उन्हें तबाह करने की ताकत है. जैसे-जैसे टीजर आगे बढ़ता है, जॉर्जकुट्टी अपनी जिंदगी की मुश्किलों के बारे में सोचता है और अपने परिवार को बचाने के लिए किए गए अपने कामों को मान लेता है.
जब हम उसका चेहरा देखते हैं, तो यह साफ जाहिर होता है कि वह डरे और चिंतित हैं. वह अपना गुनाह कबूल करते है, और अपने मन पर छाए अपराध-बोध के भारी बोझ को जाहिर करते हुए कहते है, जिस दिन मेरा जन्म हुआ, उसी दिन से मैं लड़ाइयां लड़ता आ रहा हूं. मेरे पास ऐसा कोई नहीं था जिसे मैं अपना कह सकूं. सालों की कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद, मैंने अपने लिए एक परिवार बनाया. जब एक ऐसा पल आया जो इस परिवार को तोड़ सकता था, तो मैंने बिना एक पल भी सोचे-समझे कदम उठा लिया.
किसी के द्वारा देखे जाने के अंदरूनी डर के साथ, टीजर एक बड़े प्लान के सामने आने का इशारा करता है. इसमें जॉर्जकुट्टी के परिवार वालों की झलक भी दिखाई देती है, जिसमें उसकी पत्नी और बेटियां भी शामिल हैं.
इस फिल्म में मोहनलाल के अलावा मीना, अंसीबा हसन, एस्थर अनिल, आशा शरथ, सिद्दीकी, मुरली गोपी, साईकुमार और के.बी. गणेश कुमार शामिल हैं. ये सभी पिछली फिल्मों से अपनी-अपनी भूमिकाएं दोहराते दिखेंगे. दृश्यम 3 21 मई को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जो मोहनलाल के 66वें जन्मदिन के दिन ही है.
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

