दुर्ग, 04 मई (आरएनएस)। नेशनल हाईवे-53 पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां दो ट्रकों की जोरदार टक्कर में एक ड्राइवर की जान चली गई। हादसा इतना भीषण था कि चालक ट्रक के स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। कड़ी मशक्कत के बाद जब चालक को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रहा ट्रक सीधे उसमें जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कुर्सी पार थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
००००

