0 युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा
रायपुर, 04 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर बड़ी हलचल शुरू हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर जल्द चुनाव कराए जाएंगे। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा का कार्यकाल तीन साल से अधिक हो चुका है। ऐसे में संगठन में नई टीम के गठन की प्रक्रिया तेज होने वाली है।
सदस्यता अभियान से होगी शुरुआत
जानकारी के अनुसार, मई-जून के बीच सदस्यता अभियान शुरू किया जा सकता है। इसी आधार पर आगे चुनावी प्रक्रिया तय होगी। सदस्यता अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं को जोडऩे की रणनीति बनाई जा रही है। चुनाव प्रक्रिया को संचालित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की युवा इकाई की इलेक्शन टीम जल्द रायपुर पहुंचेगी। टीम यहां आकर पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग और संचालन करेगी।
ब्लॉक स्तर तक पहुंचेगा चुनाव
इस बार चुनाव को और व्यापक बनाते हुए ब्लॉक अध्यक्ष पद पर भी मतदान कराया जाएगा। इससे संगठन की पकड़ जमीनी स्तर तक मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। पूरी चुनाव प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी। सदस्यता से लेकर मतदान तक की व्यवस्था डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और भागीदारी बढ़े।
पिछले चुनाव में 11 लाख सदस्य
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने बताया कि पिछले संगठनात्मक चुनाव में छत्तीसगढ़ में 11 लाख से अधिक सदस्य जुड़े थे। इस बार भी लाखों युवाओं के जुडऩे की संभावना जताई जा रही है, जिससे चुनाव और भी रोचक होने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया, तारीखों और नियमों को लेकर विस्तृत जानकारी आने वाले दिनों में आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी।
कई युवा दावेदार
यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के दावेदारी की दौड़ में कई युवा हैं। रायपुर से लेकर बिलासपुर और सरगुजा से लेकर बस्तर तक के युवा नेता सक्रिय हो गए हैं। दावेदारों की रेस में रायपुर से भावेश शुक्ला, बिलासपुर से आदिल खेरानी, सरगुजा से आदित्य भगत, महासमुंद से निखिल कांत साहू और दुर्ग से संदीप वोरा का नाम सामने आ रहा है।
एसएस
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

