नई दिल्ली,04 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरलम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। रुझानों में पश्चिम बंगाल में भाजपा ने टीएमसी पर बड़ी बढ़त बना ली है और यहां पहली बार सरकार बना सकती है। असम में भी भाजपा रिकॉर्ड सीटों से सरकार बनाती दिख रही है। तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने बड़ा धमाका करते हुए सभी पार्टियों को पीछे छोड़ दिया है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा 208 और टीएमसी 79 सीटों पर आगे चल रही है। तमिलनाडु में डीएमके + 59 और अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके 106 और एआईएडीएमके + 72 सीटों पर आगे चल रही है। असम में भाजपा 102 सीटों पर और कांग्रेस 19 सीटों पर आगे है। केरलम में एलडीएफ 35, भाजपा 2 और यूडीएफ 102 सीटों पर आगे है। पुडुचेरी में भाजपा गठबंधन 16 और कांग्रेस गठबंधन 6 सीट पर आगे चल रहा है।
असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और एयूआईडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल की किस्मत दांव पर है। केरलम में मुख्यमंत्री पिनरई विजयन, कांग्रेस नेता वीडी सतीशन और भाजपा के राजीव चंद्रशेखर और के सुरेंद्रन मैदान में हैं। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी और दिलीप घोष और हुमायूं कबीर पर नजरें हैं। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, के पलानीस्वामी, एल मुरुगन और नैनार नागेंद्रन चुनावी मैदान में हैं।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 और दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान हुआ था। दोनों ही चरणों में हिंसा और ईवीएम से छेड़छाड़ की खबरें आई थीं। इसके बाद दूसरे चरण में शामिल डाइमंड हार्बर और मगरहाट पश्चिम के 15 बूथों पर 2 मई को दोबारा मतदान कराया गया था। वहीं, फाल्टा सीट पर भी मतदान रद्द कर दिया गया है। इस सीट पर 21 मई को दोबारा वोट डाले जाएंगे।
पश्चिम बंगाल में 77 केंद्रों पर मतगणना की जाएगी। राज्य में 780 से ज्यादा कंपनियों के केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। केवल कोलकाता में लगभग 60 कंपनियां तैनात हैं। असम में भी मतगणना केंद्रों पर 3 स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। हर थाने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। तमिलनाडु में 18,000 पुलिसकर्मी और 40 से अधिक कंपनियां सशस्त्र अर्धसैनिक बलों की भी तैनात की गई हैं।
बंगाल में बहुमत का आंकड़ा 148, असम में 64, तमिलनाडु में 118, केरल में 71 और पुडुचेरी में 16 है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 93.19 प्रतिशत, जबकि दूसरे चरण में 91.66 प्रतिशत मतदान हुआ था। असम में इस बार 85.89 प्रतिशत, तमिलनाडु में 85 प्रतिशत, केरलम में 78.27 प्रतिशत और पुडुचेरी में 89.87 प्रतिशत मतदान हुआ है। असम में फिलहाल भाजपा, पुडुचेरी में एनडीए, केरलम में एलडीएफ, पश्चिम बंगाल में टीएमसी और तमिलनाडु में डीएमके की सरकार है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

