0-बंगाल और असम में बंपर जीत पर पीएम मोदी का संबोधन
0-कहा-आज का दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व
नईदिल्ली,04 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा, आज का ये दिन ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है। जब सालों की साधना सिद्धि में बदलती है, तो चेहरे पर जो खुशी होती है वो आज मैं देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं। मैं भाजपा के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा, आज ये केवल लोकतंत्र की नहीं, बल्कि भारत के संविधान की भी जीत है। मैं चुनाव आयोग और उसके सभी कर्मचारियों को, सुरक्षाबलों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं। भारत के लोकतंत्र की गरिमाओं को बनाए रखने में आप सबका योगदान इतिहास हमेशा याद रखेगा। लोकतंत्र हमारे लिए रगों में दौड़ता हुआ संस्कार है। आज लोकतंत्र ही नहीं संविधान भी जीता है, संविधानिक संस्थाएं भी जीती हैं। बंगाल में 93 प्रतिशत मतदान होना अपने आप में ऐतिहासिक रहा।
प्रधानमंत्री ने कहा, आज मेरे दिल में कई बार एक बात आई। वो ये कि आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को कितनी शांति मिल रही होगी। दशकों से मुखर्जी के इस सपने को पूरा होने का इंतजार था। आज ये पूरा हुआ है। इस जीत के साथ ही वंदे मातरम के 150वें वर्ष में भारत मां को और बंकिम जी को बंगाल के लोगों ने अपना सादर नमन प्रेषित किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, बंगाल में अब पलायन रुकेगा। पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दिखाई जाएगी। घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। आज से बंगाल भयमुक्त और विकास के भरोसे से युक्त हुआ हुआ है। पहली बार ऐसा हुआ कि चुनावी हिंसा में एक भी निर्दोष नागरिक की जान नहीं गई। लोकतंत्र के महापर्व में बंदूक नहीं, जनता की आवाज गूंजी। डर नहीं लोकतंत्र जीता है।
असम में तीसरी बार सरकार बनना इतिहास की बहुत बड़ी घटना है। पिछले साल 14 नवंबर को मैंने कहा था गंगा जी बिहार से आगे होते हुए गंगासागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल है। मैं पुडुचेरी की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि एनडीए सरकार आपके लिए निरंतर काम करती रहेगी। हमारा मंत्र है नागरिक देवो भव:, हम जनता की सेवा में जुटे हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, बंगाल और केरल में हमारे न जाने कितने कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिया है। महिला कार्यकर्ताओं को अत्याचार सहने पड़े। मैं आज की इस जीत को बंगाल के कार्यकर्ताओं और जनता को समर्पित करता हूं। 4 मई की शाम को अभी भले सूरज ढल रहा हो, लेकिन बंगाल में एक नए सुबह की शुरुआत है। ये जीत मजबूत आवाज है, जिसने डर, तुष्टिकरण और हिंसा की राजनीति को उखाड़ फेंका है।
पीएम मोदी ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को भी इस सफलता के लिए बधाई दी और उनकी तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा- बीजेपी के हर छोटे बड़े कार्यकर्ता ने कमाल कर दिया है आपने नया इतिहास रच दिया है। बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा अध्यक्ष पद संभालने के बाद पहला चुनाव था इस चुनाव में हर कार्यकर्ता को इनका जो मार्गदर्शन मिला वह इस विजय में बहुमूल्य रहा है।
पीएम मोदी ने कहा,बंगाल के भविष्य के लिए एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है जहां विकास और विश्वास कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। हर बंगालवासी को भरोसा देता हूं कि बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए बीजेपी दिन-रात एक कर देगी। बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। पलायन रुकेगा। पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दिखाई जाएगी। और घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
पीएम मोदी ने कहा,किसने किसे वोट दिया, किसने नहीं दिया, इससे ऊपर उठकर बंगाल की सेवा के लिए काम करें। इन राज्यों में चुनाव और नतीजों की राजनीति एक्सपर्ट अपने अपने तरीकों से समीक्षा कर रहे हैं। इन नतीजों की अहम बात है इनकी टाइमिंग। जब इन राज्यों में जनता वोट डाल रही थी तो इस दौरान दुनिया में क्या चल रहा था। जगह-जगह युद्ध के सायरन बज रहे थे। पश्चिम एशिया में चल रहे संकट का पूरी दुनिया पर असर पड़ा लेकिन भारत पूरे सामर्थ्य के साथ इस संकट का सामना कर रहा है।
पीएम मोदी के संबोधन से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को जनता ने जो समर्थन दिया उसके प्रति मैं आभार व्यक्त करता हूं। जनता ने 4 जून 2024 के नतीजे की कसक को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि जनता अब भय के वातावरण से भरोसे के वातावरण में आ गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम, पुड्डुचेरी की जनता ने पीएम मोदी के प्रति अपना अपार स्नेह जताया है। आने वाले दिनों में दक्षिण के राज्य में भी कमल खिलेगा। नितिन नवीन ने कहा कि चुनाव का परिणाम इंडी गठबंधन के नेता राहुल गांधी की नाकामी है।. जनता के साथ इन लोगों ने अन्याय किया है इसलिए इंडी गठबंधन ताश के पत्ते की तरह बिखर जाएगा।
भाजपा को सबसे बड़ी सफलता पश्चिम बंगाल में मिली है। पार्टी टीएमसी का 15 साल का शासन खत्म कर पहली बार सरकार बनाने जा रही है। असम में भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। पार्टी ने हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में एकतरफा जीत हासिल की है। केरल में भी भाजपा को 3 सीटों पर जीत मिली है। पुडुचेरी में भी एनडीए ने सत्ता बचाते हुए पहले से ज्यादा सीटें जीती हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

