नई दिल्ली,24 जून(आरएनएस)। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा धरना बुधवार को पांचवें दिन में प्रवेश कर गया. आंदोलन स्थल पर छात्रों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच पार्टी नेताओं ने सरकार पर शिक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया.
इस दौरान शिक्षाविद और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विजेंद्र चौहान बुधवार को शाम 5 बजे धरना स्थल पर पहुंचेंगे. इसके साथ ही उन्होंने आंदोलन को समर्थन देते हुए लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है. उन्होंने कहा कि वर्षों से शिक्षा की बदहाली, शिक्षा के बजट में बढ़ोतरी, परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता जैसे मुद्दों को उठाया जा रहा है, लेकिन सरकार ने इन विषयों को गंभीरता से नहीं लिया.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर विजेंद्र चौहान ने कहा कि कभी उन्हें दो कौड़ी का शिक्षक कहा गया तो कभी कॉकरोच कहकर संबोधित किया गया, लेकिन शिक्षा के मुद्दों पर आवाज लगातार जारी रही. उन्होंने कहा कि अब पहली बार ऐसा माहौल बन रहा है जब शिक्षा से जुड़े सवाल देश की सार्वजनिक बहस के केंद्र में आ रहे हैं.
उन्होंने कहा, हम कई वर्षों से शिक्षा की बदहाली, शिक्षा को पर्याप्त बजट देने और परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने की बात कर रहे हैं. अब विपक्ष भी इन मुद्दों पर बोल रहा है और सत्ता पक्ष को भी जवाब देना पड़ रहा है. विजेंद्र चौहान ने घोषणा की कि जंतर-मंतर स्थित आंदोलन स्थल पर एक पब्लिक लेक्चर देंगे, जिसमें नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

