महासमुंद, 05 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में इन दिनों जंगली भालुओं का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामला सिंगारपुर, लारीपुर और बड़े लोरम के जंगल क्षेत्र से सामने आया है, जहां तेंदूपत्ता तोडऩे गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पहले सांकरा स्वास्थ्य केंद्र और बाद में पिथौरा रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिंगारपुर निवासी विशेष कुमार प्रधान जंगल में तेंदूपत्ता तोडऩे गया था। इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया और खून से लथपथ अवस्था में उसे ग्रामीणों की मदद से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पिथौरा रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल ग्रामीण को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की।
इस घटना के बाद सिंगारपुर, लारीपुर और बड़े लोरम क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल क्षेत्र में लगातार बढ़ती वन्यजीव गतिविधियों को लेकर लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

