New Delhi 05 May, (Rns) /- देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आ चुके हैं। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा का कमल खिल चुका है। भाजपा ने टीएमसी को पटखनी देते हुए 206 सीटें हासिल की हैं। भाजपा कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज दिल्ली के सीआर पार्क में काली बाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ सीएम रेखा गुप्ता, सांसद बांसुरी स्वराज, भाजपा दिल्ली चीफ वीरेंद्र सचदेवा भी मौजूद रहे।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल की जनता को बहुत अभिनंदन, मैं मानता हूं कि पश्चिम बंगाल की संस्कृति और विरासत को प्रधानमंत्री मोदी अपने नेतृत्व में आगे ले जा सकते हैं। मैं कामना करता हूं कि सभी राज्यों में शांति और समृद्धि रहे।’
बता दें कि बंगाल में 2011 के विधानसभा चुनाव में शून्य पर सिमटने वाली भाजपा ने अनथक संघर्ष के जरिये तृणमूल कांग्रेस के 15 साल पुराने शासन का अंत कर दिया। तृणमूल महज 80 सीटों पर सिमट गई, जो पिछले चुनाव में भाजपा की 77 सीटों से सिर्फ तीन अधिक है। भाजपा की ओर से सीएम पद के सबसे सशक्त उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के साथ भवानीपुर सीट पर कांटे के मुकाबले में ममता खुद हार गईं। उनके 20 मंत्री भी हार गए।

