कानपुर 05 May, (Rns) । वीआईपी रोड पर भैरवघाट चौराहे के पास तीन माह पहले लैंबार्गिनी कार से हुए हादसे में ग्वालटोली थाना पुलिस ने तंबाकू कारोबारी के बेटे के खिलाफ 200 पेज की चार्जशीट लगाई है। इसमें सीसी कैमरे और लगभग 10 गवाहों को आधार बनाया है, जिसमें पुलिस ने भी माना कि हादसे के समय कार तंबाकू कारोबारी का बेटा ही लैंबार्गिनी चला रहा था।
वीआईपी रोड पर आठ फरवरी को तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की लैंबार्गिनी कार सड़क किनारे खड़े आटो और बुलेट को टक्कर मारने के बाद फुटपाथ पर चढ़ गई थी।
हादसे में चमनगंज निवासी तौफीक अहमद के पैर में चोट आ गई थी। हादसे के दौरान वह फुटपाथ पर खड़े होकर एक दोस्त का इंतजार कर रहे थे। बुलेट सवार खलासी लाइन निवासी विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी को भी चोटें आई थीं। लोगों ने कार का शीशा तोड़कर शिवम मिश्रा को बाहर निकाला था।

