चेन्नई,05 मई (आरएनएस)। तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में भारत के लॉटरी किंग के रूप में मशहूर सैंटियागो मार्टिन के परिवार ने शानदार प्रदर्शन किया है। उनके परिवार के 3 सदस्यों ने 3 अलग-अलग पार्टियों और 3 सीटों से चुनाव लड़ा था और तीनों में सफलता मिली है। मार्टिन की पत्नी लीमा रोज मार्टिन ने तमिलनाडु की लालगुडी, दामाद आधव अर्जुन ने विल्लीवाक्कम और उनके उद्यमी बेटे जोस चार्ल्स मार्टिन ने पुडुचेरी के कामराज नगर में जीत दर्ज की है।
सैंटियागो के दामाद आधव अर्जुन रेड्डी अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय की तमिलगा वेट्री कडग़म (टीवीके) से मैदान में उतरे थे। वे थलापति विजय के भरोसेमंद साथी हैं। उन्होंने विल्लीवाक्कम में द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (डीएमके) के कार्तिक मोहन को 17,302 वोटों के अंतर से हराया है। आथव की शादी सैंटियागो की बेटी डेजी मार्टिन से हुई है। आथव टीवीके की चुनावी रणनीति के महासचिव भी थे। वे चुनाव में टीवीके को जिताने की रणनीति तैयार कर रहे थे।
सैंटियागो की पत्नी लीमा ने लालगुडी में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कडग़म (एआईएडीएमके) के टिकट पर चुनाव लड़ा और टीवीके उम्मीदवार कूपा कृष्णन को लगभग 2,500 वोटों से हराया। सैंटियागो के बेटे जोस चार्ल्स ने अपनी लच्चिया जननायका काची (एलजेके) पार्टी से कामराज नगर और एक अन्य सीट से चुनाव लड़ा, जो राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा थी। उन्होंने कामराज नगर में कांग्रेस उम्मीदवार को 10,205 वोट से हराया। उन्होंने दिसंबर 2025 मेंएलजेके लॉन्च की थी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

