रांची 5 मई (आरएनएस)। आदिवासी जन परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक रांची स्थित घूमकुडिय़ा में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की जिला एवं महानगर कमेटी का पुनर्गठन किया गया। बैठक में संगठन को मजबूती देने और जमीनी स्तर पर विस्तार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आदिवासी जन परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा ने की, जबकि संचालन सक्रिय कार्यकर्ता सेलिना लकड़ा ने किया। इस अवसर पर कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की गईं। नई कमेटी के तहत शीला उरांव को महिला मोर्चा का रांची महानगर अध्यक्ष, पूजा गुप्ता को महिला मोर्चा महानगर सचिव, सुनील होरो को रांची जिला अध्यक्ष, शिवरतन मुंडा को जिला उपाध्यक्ष और पूनम कुमारी को सिल्ली पंचायत अध्यक्ष की, मीडिया प्रभारी मर्था होरो जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा ने कहा कि आदिवासी जन परिषद द्वारा पेसा कानून के तहत ग्राम स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आने वाले महीनों में एक बड़े अधिवेशन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें संगठन के विस्तार और भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन को प्रदेश, केंद्रीय और ग्राम स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि आदिवासी समाज के अधिकारों और मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

