रांची 5 मई (आरएनएस)। उर्दू पत्रकारिता जगत के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार और तासीर उर्दू दैनिक के चीफ एडिटर डॉ. मोहम्मद गौहर का आज रांची के आर्केड अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन के साथ ही पत्रकारिता के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत हो गया। डॉ. गौहर के निधन की खबर से रांची शहर सहित पत्रकारिता जगत, विशेषकर तासीर अखबार के स्टाफ में शोक की लहर दौड़ गई है। वे एक जिम्मेदार, निर्भीक और सिद्धांतवादी पत्रकार के रूप में जाने जाते थे, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। डॉ. मोहम्मद गौहर ने 5 जनवरी 2013 को पटना (विहार) से उर्दू दैनिक तासीर की शुरूआत की थी। इससे पहले वे नवंबर 2012 से ही इस अखबार के एडिटर-इन-चीफ और मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने उर्दू पत्रकारिता को आधुनिक और प्रगतिशील दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। तासीर के स्टाफ पत्रकार मोहम्मद मुकर्रम ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें रांची के आर्केड अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉ. गौहर का निधन उर्दू पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार पटना के कब्रिस्तान में किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

