चमोली,05 मई (आरएनएस)। आदिबदरी डाकघर में आधार कार्ड बनाने की मशीनें होने के बावजूद ग्रामीणों को यह सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आधार कार्ड बनाने और संशोधन के लिए 50 से 100 किलोमीटर दूर कर्णप्रयाग, गैरसैंण या सिमली जाना पड़ रहा है। डाकघर में वर्ष 2023 में आधार कार्ड बनाने की मशीन लगाई गई थी लेकिन यह लंबे समय तक निष्क्रिय रही। बीच में कुछ महीनों के लिए यहां काम हुआ लेकिन पिछले दो वर्ष से मशीनें फिर धूल फांक रही हैं। सामाजिक कार्यकर्ता बचन सिंह नेगी ने बताया कि मज्याड़ी मल्ली, सिलपाटा, प्यूंरा, बेड़ी, छिमटा केड़ा और पंडाव जैसे कई गांवों के ग्रामीणों को आधार कार्ड संबंधी कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से आदिबदरी डाकघर में शीघ्र आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं आदिबदरी डाकघर के पोस्टमास्टर रमेश चंद्र धीमन ने बताया कि मशीन तो हैं मगर इसे संचालित करने के लिए कोई प्रशिक्षित व्यक्ति नहीं है। स्टाफ के लिए जल्द व्यक्ति का चयन कर उसे प्रशिक्षित किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

