धमतरी,, 23 जून (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भखारा क्षेत्र के ग्राम रामपुर स्थित अमाबगीचा में चल रहे जुए के फड़ पर छापेमार कार्रवाई कर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, वाहन, मोबाइल फोन और ताश की गड्डी सहित कुल 1 लाख 83 हजार 800 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना भखारा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम रामपुर के अमाबगीचा में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे 8 व्यक्तियों को मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान मेघनाथ साहू (30), राजेश कुमार रात्रे (32), महादेव रात्रे (68), गजेंद्र कुमार निषाद (40), नारदराम निषाद (39), छन्नु लाल रात्रे (77), देनेश्वर साहू (56) एवं कवल सिंह साहू (52) के रूप में हुई। सभी आरोपी ग्राम रामपुर, थाना भखारा, जिला धमतरी के निवासी हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 10,800 रुपये नगद, 5 मोटरसाइकिल और 1 सुपर एक्सल वाहन कीमती 1 लाख 40 हजार रुपये, 4 एंड्रॉयड स्मार्टफोन एवं 3 कीपैड मोबाइल फोन कीमती 33 हजार रुपये तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त 52 पत्ती ताश जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 83 हजार 800 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

