बिलासपुर, 23 जून (आरएनएस)। 22 जून मिशन नव भारत युवा मोर्चा के तत्वावधान में संगठन का 22वां स्थापना दिवस, समाजसेवी एवं पत्रकार सम्मान समारोह तथा विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन जल संसाधन विभाग स्थित प्रार्थना भवन, बिलासपुर में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मिशन नव भारत युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमाशंकर साहू ने की। विशिष्ट अतिथियों में राजेश सिंह, राजेश सूर्यवंशी, विक्रम सिंह ठाकुर, रामदयाल उइके, विजय बहादुर जगत, जया जलेश्वर साहू एवं अजयनी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा, पत्रकारिता, शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। बाल कलाकार तनिष्क वर्मा ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में जिले भर से समाजसेवी, पत्रकार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बेमेतरा जिले से प्रखर पत्रकार महासंघ के जिलाध्यक्ष नंदकुमार राजपूत, कोषाध्यक्ष तरुण शर्मा एवं महासचिव जगदीश घृतलहरे भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मिशन नव भारत युवा मोर्चा, सरगम समाज सेवा फाउंडेशन तथा सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०


