*शाहजहांपुर में शादी से एक दिन पहले युवती ने प्रेमी संग दी जान, पेड़ पर लटके मिले दोनों के शव*
शाहजहांपुर 06 may (Rns)/- परौर थाना इलाके में शादी से एक दिन पहले युवती ने अपने प्रेमी के साथ जान दे दी। बुधवार सुबह दोनों के शव आम के पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले। सुबह खेत की तरफ से गुजर रहे लोगों ने शव देखे। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक की पहचान 18 वर्षीय शुभेंद्र के रूप में हुई है। युवती भी उसी गांव की बताई गई है। युवती की शादी तय हो गई थी। बृहस्पतिवार को बरात आनी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, परौर थाना क्षेत्र के कुबेरपुर गांव निवासी शुभेंद्र का गांव की ही युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच युवती के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। बृहस्पतिवार को युवती की बरात आनी थी। उसके घर मंगलवार की रात हल्दी का कार्यक्रम था। रात में किसी समय युवती घर से निकल गई। सुबह जागने पर युवती के घर में नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके कुछ देर बाद ही युवती का का शव फंदे से लटका मिलने की जानकारी मिली। इससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

