०अंतिम गांव, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे – श्री ठाकुर
महासमुंद,06 मई (आरएनएस)। प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत आज बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम परसूली में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर शामिल हुए। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री केशव नायक राम चंद्राकर, जनपद सदस्य श्री लोचन पटेल सहित अंचल के सरपंचगण, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में 19 ग्राम पंचायतों – परसुली, खट्टी, परकोम, पण्डरीपानी, झिटकी, राटापाली, नर्रा, बिन्द्रावन, उखरा, कोमाखान, घोयनाबाहरा, बोईरगांव, पतेरापाली स, द्वारतराकला, भलेसर, खैरटकला, सुवरमार, कसहीबाहरा, कुलिया के नागरिक गण शामिल हुए।शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सोच के अनुरूप सरकार द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रशासन प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं वात्सल्य योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक लोगों को आगे आने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां आमजन की शिकायतों और मांगों का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना ही सुशासन की पहचान है। जनपद अध्यक्ष बागबाहरा श्री केशव नायक राम चंद्राकर एवं मंचस्थ अतिथियों ने शिविर में पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं सुनी और विभागीय अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण संभव हो रहा है तथा लोगों को अपनी बात सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तेज गति से हो। उन्होंने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का रक्त परीक्षण, ब्लड प्रेशर एवं मधुमेह की जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया तथा परिवहन विभाग द्वारा लर्निंग लायसेंस बनाया गया। इसी तरह जिले के पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत रेमडा एवं सरायपाली विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत बानीगिरोला में समाधान शिविर में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

