रायपुर, 06 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हंस ट्रेवल्स के कार्यालय पर छापा मारकर संदिग्ध पार्सल से 16 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।मिली जानकारी के अनुसार, थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल्स कार्यालय से कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे एक पार्सल में संदिग्ध सामग्री है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और कार्यालय की तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीन सफेद बोरों में भरे बड़ी मात्रा में करेंसी नोट बरामद किए गए। जब्त राशि में 20 रुपये के नोटों की 400 गड्डियां और 10 रुपये के नोटों की 800 गड्डियां कुल 16 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने इस मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की जानकारी आयकर विभाग को भेज दी गई है। फिलहाल पुलिस बरामद रकम के असली मालिक और इसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।इस कार्रवाई के बाद से शहर में अवैध नगदी लेन-देन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

