धमतरी,6 मई (आरएनएस)। नगरी इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब देर शाम पुलिस की अलग-अलग टीमें एक साथ चार ठिकानों पर टूट पड़ीं और जंगलों व बस्तियों में छिपाकर चलाए जा रहे अवैध महुआ शराब कारोबार का बड़ा खुलासा हो गया। मुखबिर से लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद नगरी थाना पुलिस ने ऐसी घेराबंदी की कि शराब कारोबारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कहीं कच्ची महुआ शराब भरी केन बरामद हुई, कहीं बिक्री की रकम मिली और कहीं धधकती भट्टियों के बीच अवैध शराब बनाने का पूरा खेल पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नगरी की विशेष टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और देखते ही देखते चार अलग-अलग मामलों में 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सबसे पहले जंगलपारा छिपली में बिरझु राम सोनबेर उम्र 55 वर्ष पुलिस के हत्थे चढ़ा, जिसके कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसके बाद स्वापारा छिपली में निर्मला नवरंग उम्र 45 वर्ष को 3.5 लीटर कच्ची महुआ शराब और 250 रुपये बिक्री रकम के साथ पकड़ा गया। पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। छिपली जंगलपारा में लल्लन कुमार नवरंग उम्र 61 वर्ष के ठिकाने पर जब दबिश दी गई तो वहां से 10.160 बल्क लीटर देशी और कच्ची महुआ शराब के साथ बिक्री की रकम भी बरामद हुई। चौथी कार्रवाई में छिपको जंगलपारा से फगनी बाई उम्र 45 वर्ष को 1.3 लीटर कच्ची महुआ शराब और नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया। आबकारी एक्ट की धारा 34(1) और 34(2) के तहत दर्ज इन चार मामलों में पुलिस ने कुल 26.66 बल्क लीटर अवैध शराब और 4010 रुपये की जुमला रकम जब्त की। कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर शराब बनाने में इस्तेमाल हो रही भट्टियों को मौके पर ही तोड़ दिया गया और भारी मात्रा में लाहान नष्ट कर दिया गया, जिससे पूरे इलाके में अवैध कारोबारियों के बीच दहशत फैल गई। नगरी पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब इलाके में चर्चा यही है कि पुलिस ने सिर्फ शराब नहीं पकड़ी, बल्कि उस काले नेटवर्क पर वार किया है जो गांवों में धीरे-धीरे जहर घोल रहा था। बहरहाल, धमतरी पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के लिए अब कोई राहत नहीं है, क्योंकि कानून की पकड़ देर से सही, लेकिन सीधे गले तक पहुंचती है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

