जगदलपुर, 06मई(आरएनएस)। जनगणना निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री आकाश छिकारा के द्वारा जिले में जनगणना कार्यों की सघन निगरानी और इस दौरान उत्पन्न होने वाली शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। उक्त कंट्रोल रूम हेतु पृथक-पृथक प्रभारी अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को निर्बाध रूप से संपन्न करने के लिए प्रशासन ने एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है, जिसके तहत हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन्स की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की कमान जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी श्री सुरेश सिंह को सौंपी गई है, जबकि जगदलपुर नगर निगम सहित ग्रामीण अंचलों के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों जैसे दरभा, तोकापाल, नानगुर, बास्तानार और लोहण्डीगुड़ा में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए नायब तहसीलदारों और राजस्व निरीक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि प्रत्येक चार्ज क्षेत्र में जनगणना का कार्य शुद्धता और पारदर्शिता के साथ पूरा हो सके। इस आदेश के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया गया है कि कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी न केवल डेटा संकलन की निगरानी करेंगे, बल्कि आम जनता और फील्ड स्टाफ के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करेंगे। जिला प्रशासन ने प्रत्येक प्रभारी अधिकारी और सहायक कर्मचारियों के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति या तकनीकी समस्या की स्थिति में तत्काल संपर्क साधा जा सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

