0 पेंडिंग मामलों का क्या हुआ बताना होगा 15 मई तक।
केशव सल्होत्रा
जगदलपुर,06 मई (आरएनएस)। शिक्षा विभाग में लंबित पेंशन प्रकरणों के समाधान और रिटायर होने वाले कर्मचारियों को समय पर लाभ दिलाने के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एजुकेशन जेडी एच आर सोम की अध्यक्षता में शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बैठक हुई। जिसमें संभाग के विभिन्न विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संबंधित प्राचार्यों और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पेंशन शाखा प्रभारी शामिल हुए। जहां लंबित मामलों की गहन समीक्षा करते हुए उनके निराकरण के लिए ठोस मार्गदर्शन दिया गया।बैठक के दौरान संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए कि न केवल पुराने लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द सुलझाया जाए, बल्कि आगामी तीन माह में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों के पेंशन दस्तावेज भी तत्काल तैयार कर कोष लेखा एवं पेंशन कार्यालय में प्रस्तुत किए जाएं। इसके साथ ही, ऋणात्मक शेष वाले विशिष्ट प्रकरणों में वसूली और समायोजन की प्रक्रिया को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की वित्तीय विसंगति न रहे। विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया में जवाबदेही तय करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे लंबित प्रकरणों पर की गई अपनी कार्रवाई की वर्तमान स्थिति से 15 मई 2026 तक कार्यालय को अनिवार्य रूप से अवगत कराएं। शासन की इस पहल से संभाग के अंतर्गत शिक्षा विभाग के सैकड़ों वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

